बांदा/खप्टिहा कलां। निर्माणाधीन पुलिया पर मिट्टी के ढेर से टकराकर बाइक खंती में गिर गई। इससे बाइक सवार किशोर की मौत हो गई, बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। अन्य घटना में बाइक की टक्कर से युवा किसान की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के करतल गांव निवासी सोहन (14) पुत्र जागेश्वर चचेरे भाई अंशू (23) के साथ बाइक से अजयगढ़ (पन्ना, एमपी) जा रहा था। करतल के नजदीक रगौली गांव मोड़ के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास मिट्टी के ढेर से टकराकर बाइक असंतुलित हो गई और खंती में जा गिरी। सूचना पाकर पहुंचे करतल चौकी प्रभारी जयचंद्र सिंह ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। यहां डाक्टर ने सोहन को मृत घोषित कर दिया। अंशू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने बताया कि मृतक सोहन गांव स्थित जूनियर विद्यालय में छठवीं कक्षा में पढ़ता था। पिता जागेश्वर करतल चौकी में चौकीदार है।
उधर, पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव निवासी छोटा (69) पुत्र फकीरा शुक्रवार की शाम ट्यूबवेल जा रहा था।
सिंधनकलां गांव मोड़ के पास सामने से बाइक ने उसे टक्कर मार दी। छोटा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डाक्टर ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। उसे कानपुर ले जा रहे थे रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुत्र बाबूलाल ने बताया कि पिता छोटा के नाम 16 बीघा जमीन है।