धान की बेड़ रोपती गुलाबी गैंग कमांडर संपत पाल व गैंग की अन्य महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
बदौसा। नेशनल हाईवे के गड्ढों में मिट्टी से पैचिंग के बाद हुए दलदल से दुर्घटना का शिकार हो रहे राहगीरों और वाहनों से बेपरवाह पीडब्ल्यूडी और प्रशासन के प्रति विरोध जताने के लिए गुलाबी गैंग ने दलदल में धान की बेड़ लगा दी। बाद मेें अतर्रा तहसीलदार को ज्ञापन देकर हाईवे शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की।
सेंटर पीडब्ल्यूडी नेशनल हाइवे (संख्या-76) को चौड़ा कर रहा है। यह काम एक माह पूर्व शुरू हुआ था। ठेकेदार ने सड़क की तारकोल की परत निकालकर मिट्टी के साथ सोलिंग डाल दी। बारिश में यह दलदल में बदल गई है। गड्ढे हो जाने से बारिश का पानी भर गया है।
वाहन और पैदल निकलना दूभर है। बुधवार को गुलाबी गैंग कमांडर संपतपाल ने महिलाओं के जत्थे के साथ सड़क पर धान की बेड़ लगा दी। रोष जताया कि एक हफ्ते पहले अतर्रा एसडीएम को ज्ञापन दिया था लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ देर बाद तहसीलदार धीरेंद्र सिंह ने आकर संपत पाल से ज्ञापन लिया और सड़क शीघ्र बनवाने का आश्वासन दिया। गुलाबी गैंग की चित्रकूट जिला कमांडर सायरा बानो, बांदा कमांडर नीलम, हमीरपुर की प्रकाश रानी सहित तमाम महिलाएं शामिल रहीं।