अतर्रा। फेसबुक से शुरू हुई दोस्ती के बाद युवक द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकरा देने और सोशल मीडिया में आपत्तिजनक फोटो वायरल कर देने पर युवती ने थाने में युवक के विरुद्ध दुष्कर्म और आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
कस्बे की नरैनी रोड की रहने वाली छात्रा ने बताया कि ओरन कस्बा के कृष्णा नगर में रहने वाले युवक रवि वर्मा ने फेसबुक से दोस्ती करने के बाद शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। इसके बाद शादी करने से इनकार कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
साथ ही उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर दी। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने धारा 376, 506 आईपीसी व 67 आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया। थाना प्रभारी अनीश कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण व मजिस्ट्रेटी बयान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।