बांदा। जिले में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए 17 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू होगा।
यह अभियान 16 दिसंबर तक चलेगा। इसके तहत चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और पदाभिहित अधिकारी दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने इस संबंध आदेश जारी किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान तिंदवारी, बबेरू, नरैनी (अजा) और बांदा विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसके तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
अभियान में पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं, छूटे हुए मतदाताओं, बेघर और दिव्यांग लोगों के नाम जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
प्रशासन ने नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने की अपील की है। सूची में नाम नहीं होने पर फार्म-6 और विवरण में संशोधन के लिए प्रारूप-8 भरकर संबंधित मतदान केंद्र, बीएलओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या तहसील कार्यालय में जमा किया जा सकता है।
-
ऐसे देख सकते हैं मतदाता सूची में अपना नाम
मतदाता सूची में नाम देखने के लिए voters.eci.gov.in वेबसाइट पर सर्च योर नेम इन वोटर लिस्ट विकल्प का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा ceouttarpradesh.nic.in और ECINet मोबाइल एप से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
शिकायत और जानकारी के लिए कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय में जिला संपर्क केंद्र (डीसीसी) बनाया गया है। यह केंद्र 17 नवंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रतिदिन सुबह नौ से रात नौ बजे तक सक्रिय रहेगा।