बांदा। दीपावली पर ड्यूटी के दौरान हेड कांस्टेबल पर हमला कर मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। घटना के पांच दिन बाद भी मुख्य आरोपी समेत तीनों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
शहर की सिविल लाइन चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल रामनरेश ने नौ नवंबर की रात कांस्टेबल नितेंद्र कुमार के साथ ईगल मोबाइल ड्यूटी के दौरान मारपीट की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। दोनों पुलिस लाइन तिराहे पर तंदूरी जंक्शन होटल के पास ड्यूटी कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से आए युवक ने हेड कांस्टेबल पर हमला कर दिया। उसके दो साथी भी पहुंच गए और तीनों ने मारपीट की। बीचबचाव करने पर कांस्टेबल नितेंद्र को भी हमलावरों ने घेर लिया।
जांच में मुख्य आरोपी की पहचान वंशी डेरा निवासी मिथुन निषाद के रूप में हुई। बताया गया कि घटना के समय वह नशे में था। शहर कोतवाल बलराम सिंह ने बताया कि मिथुन निषाद और दो अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।