बांदा। सोलर पंप की खराबी को ठीक करने के लिए जल्द किसानों को गांव में ही कारीगर की सुविधा मिलेगी। गांव के बेरोजगार युवकों को चयनित कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद मुफ्त टूल किट दी जाएगी।
सिंचाई के लिए बिजली निर्भरता कम करने के लिए सरकार किसानों को सब्सिडी पर सोलर पंप मुहैया करा रही है। शासन ने पीएम कुसुम योजना के तहत जिले को अब तक दो सैकड़ा से अधिक किसानों सब्सिडी पर सोलर पंप दिया है, लेकिन किसानों के समक्ष सबसे बड़ी समस्या पंपों के खराब होने पर मरम्मत की है। सोलर पंप जल्द ठीक न होने से किसानों को कई दिनों तक सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ता है।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि किसानों की समस्या को देखते हुए सरकार अब गांव-गांव में सोलर पंप ठीक करने वाले कारीगर तैयार करेगी। इसके लिए गांव के युवाओं को चयनित कर प्रशिक्षण दिया जाएगा। आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को वरीयता दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद करीब दस हजार कीमत की टूल किट दी जाएगी। ताकि उन्हें किट के लिए परेशान न होना पड़े। इससे जहां किसानों को सहुलियत होगी। वहीं बेरोजगार युवकों को रोजगार मिलेगा।