बांदा। कोरोना संक्रमण की चौथी लहर ने चित्रकूटधाम मंडल में भी दस्तक दे दी है। हमीरपुर में 17 संक्रमित मिलने के बाद बांदा में 24 घंटे के दौरान 6 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। वहीं, जालौन में तीन पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को होम क्वारंटीन किया गया है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने इन संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की खोजबीन शुरू कर दी है। लोगों को मास्क सहित अन्य कोरोना गाइड लाइन का पालन करने पर जोर दिया है।
इस वर्ष जनवरी माह के बाद कोरोना संक्रमण थम गया था। हालांकि जनवरी तक जनपद में 11,398 लोग संक्रमित हो चुके थे। बांदा जनपद में पिछली तीन लहरों में कोरोना से 163 जानें गईं। जांच के दौरान तीन पॉजिटिव मरीज मेडिकल कालेज की जांच में पाए गए। जिला अस्पताल में एक और बिसंडा तथा सढ़ा गांव में एक-एक संक्रमित मिला है।
स्वास्थ्य विभाग के डॉ. प्रसून खरे ने बताया कि हर ब्लॉक में टीम लगाई गई है। शहर में तीन टीमें नमूने जुटा रही हैं। रोजाना 1200 से 1500 नमूनों की एंटीजेन/आरटीपीसीआर जांच हो रही है।
उरई संवाददाता के अनुसार, बुधवार को तीन पॉजिटिव मिले है। इससे सक्रिय मामले 11 हो गए हैं। जिला प्रशासन की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, एंटीजन की 1037 जांच की गई। इसमें दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि एक की रिपोर्ट आरटीपीसीआर में पॉजिटिव है।