बांदा। ट्रक की टक्कर से टेंपो पर सवार छह सवारियां घायल हो गईं। अन्य घटना में बाइक भिड़ंत में इंजीनियरिंग छात्र घायल हो गया। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार को सुबह चिल्ला से सवारियां भरकर बांदा आ रहे टेंपो को चिल्ला थाना क्षेत्र के अतरहट गांव में सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी।
टेंपो पलट जाने से उसमें सवार रघुनंदन (70) पुत्र इंदल निवासी बंशीडेरा, श्यामू (45) पुत्र पनुवा अतरहट, आशा (27) पत्नी राम प्रताप डिघवट, आरती (19) पुत्री राजकिशोर करहिया, पूजा (10) पुत्री राम प्रकाश डिघवट व छंगू लाल (60) पुत्र चिपुवा निवासी बंबिया गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
एक अन्य घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी बीटेक छात्र लखन लाल (21) पुत्र कल्लू शुक्रवार को सुबह बाइक पर कोचिंग पढ़ने मर्दन नाका जाते समय एक अन्य बाइक की टक्कर से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।