बांदा। कोरोना में काफी अरसे से आपसी दूरी में रहीं चिराग फाउंडेशन की महिला टीम रविवार शाम फिर एक साथ बैठी, मौका था वार्षिक बैठक का। इस अवसर पर टीम ने एक जरूरतमंद गरीब कन्या को मुफ्त सिलाई मशीन देकर रोजगार का रास्ता साफ कर दिया।
फाउंडेशन अध्यक्ष डा.शबाना रफीक के आवास पर आयोजित वार्षिक बैठक में सभी सदस्याएं अरसे के बाद रूबरू होकर खुश हुईं। जरूरतमंद कुमारी खुशबू को सिलाई मशीन भेंट की, अब वह इससे सिलाई सेंटर चलाएगी। विशेष सलाहकार डा.रंजना सैराहा और डा.मोनिका सक्सेना ने कहा कि भले ही बैठक नहीं हो पाई, लेकिन महामारी के दौर में गरीब और जरूरतमंदों को खाने-पीने का सामान, राशन, कपड़े, कंबल आदि फाउंडेशन मुहैया कराता रहा।
डा.शबाना ने बताया कि फाउंडेशन द्वारा जीएनएम कोर्स के लिए गोद ली गई संध्या शुक्ला की सभी फीस और किस्तें सदस्यों के सहयोग से जमा की जा चुकी हैं। प्रबंधक डा.सबीहा रहमानी ने कहा कि आगे भी जरूरतमंद बालिकाओं की मदद जारी रहेगी।
मुख्य संरक्षक डा.मोहम्मद रफीक ने फाउंडेशन के नेक कामों में हमेशा सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में बिरजिस मंजर, फहमीदा निसार, सीमा नंदा, रीता ओमर, कीर्ति ओमर, सुषमा बेदी, अंजली सिंह, शिल्पी कक्कड़, कल्पना वर्मा, विमला गुप्ता, कासिफ हुसैन, डा.एमडी शरीफ, रूबी जैनब, अंजली तिवारी और सांस्कृतिक सदस्य रश्मी गुप्ता आदि शामिल रहीं।