बांदा। जनपद की सीमावर्ती खदान में हुए विवाद पर ग्रामीणों ने संचालक को घेर लिया और जमकर पीटा। घायल खदान संचालक को यहां जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद के पीछे रास्ते के लिए एग्रीमेंट बताया गया है।
जिले की सरहद से जुड़ी बक्छा खदान (हमीरपुर) के संचालक अनुराज (41) पुत्र सत्येंद्र सोमवार को खदान से बालू ट्रक निकालने के लिए खेतों में रास्ता बनाने का एग्रीमेंट कराने आए थे। कुछ किसान राजी थे और कुच विरोध में थे। बातचीत चल ही रही थी कि तभी विवाद हो गया।
किसानों की ललकार सुनकर गांव के और अन्य लोग आ गए और खदान संचालक अनुराज पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पैर में काफी चोट आई। खदान कर्मियों के ललकारने पर ग्रामीण भाग गए। खदान कर्मी अनुराज को बांदा जिला अस्पताल लेकर आए और भर्ती कराया। मौदहा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई है।