अतर्रा। पीएचसी बिसंडा के वैक्सीनेशन शिविर में ग्रामीणों की भीड़ देखकर स्वास्थ्य कर्मियों के पसीने छूट गए। बहाने से गेट में ताला लगाकर भाग खड़े हुए। नाराज ग्रामीण काफी देर तक पीएचसी परिसर में नारेबाजी व शोरशराबा करते रहे।
शुक्रवार को पीएचसी में पुनाहुर, दुरईमाफी, सिकलोढ़ी, मवई, कुसमा, खटौरा, बाघा, अमवां सहित आदि गांव के सैकड़ों लोग टीकाकरण को उमड़ पड़े। पंजीकरण कर रहे कर्मचारी भीड़ देखकर परेशान हो गए। बेकाबू भीड़ को देखकर कर्मचारी बहाने से गेट में ताला जड़कर भाग गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटों पीएचसी परिसर में नारेबाजी की।
मुन्नी, सदानंद यादव, सलमा, केसा, कलावती, शबनम, साजिद अली, सलमान, रामचंद्र, जोगेंद्र, उमेश आदि ने बताया कि कामकाज छोड़कर टीका लगवाने आते हैं, लेकिन कई दिनों से बैरंग लौट रहे हैं। कर्मचारी 11 बजे से गेट में ताला लगा देते हैं। पूछने पर कहा जाता कि कल आना। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. उमेश कुमार का कहना है कि प्रतिदिन टीकाकरण हो रहा है। पीएचसी में तालाबंदी का आरोप गलत है।