बांदा। बिसंडा थाना क्षेत्र में प्रेमी की मौत के बाद डर और मानसिक तनाव से घिरी 18वर्षीय युवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और युवती का मोबाइल फोन भी जांच के लिए जब्त कर लिया है।
बृहस्पतिवार की रात युवती ने घर में अकेले होने का फायदा उठाते हुए पंखे की हुक से साड़ी के सहारे फंदा लगा लिया। देर रात खेत से लौटी मां ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शंका होने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया और दरवाजा खोलकर देखा गया तो युवती का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों के मुताबिक युवती का बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव के 19 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया गया कि युवक ने चार दिन पहले ही फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मृतका की बहन ने बताया कि प्रेमी की मौत के बाद युवती काफी डरी हुई थी। उसे यह भय सता रहा था कि कहीं युवक के परिजन उसे इस मामले में फंसा न दें। इसी मानसिक दबाव और सदमे में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। दो प्रेम संबंधी मौतों से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
शादी तय थी, नहीं मिल पा रही थी तारीख
परिजनों ने बताया कि युवती की शादी तय हो चुकी थी और सामूहिक विवाह योजना के तहत उसकी शादी होनी थी, लेकिन तारीख तय नहीं हो पा रही थी। वहीं, युवती के पिता करीब सोलह वर्ष पहले घर छोड़कर चले गए थे, जिनका आज तक कोई पता नहीं चला। मां मजदूरी और खेती कर बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। मृतका चार बहनों में सबसे बड़ी थी और एक छोटा भाई भी है। इस बाबत थाना प्रभारी राममोहन राय ने बताया कि कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।