बांदा। छोटे शहरों के रेस्टोरेंट को भी अब चार व पांच सितारा (5 स्टार) का तमगा मिलेगा। स्वच्छता के क्षेत्र में भारत सरकार की हाईजीन रेटिंग योजना के तहत यह फैसला लिया गया है। बांदा जनपद में एक दूध डेयरी और एक रेस्टोरेंट को चार सितारा (4 स्टार) का दर्जा मिल गया है। इसके अलावा 32 रेस्टोरेंट व अन्य खाद्य दुकानों ने भी भारतीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण में आवेदन किए हैं।
भारत सरकार के खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने अब होटलों व अन्य खाद्य की दुकानों को हाईजीन रेटिंग योजना में शामिल किया है। इसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। योजना के तहत स्वच्छता के आधार पर एक से पांच तक स्टार दिए जाएंगे। इसके लिए जनपद से 34 रेस्टोरेंट व खाद्य दुकानों ने आवेदन किए हैं। इनकी जांच शुरू हो गई। प्रथम चरण में अतर्रा रोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट और इसी रूट पर स्थित डेयरी को 4 स्टार मिले हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि मानक पर खरे उतरने वाले अन्य रेस्टोरेंट और खाद्य दुकानों को भी जल्दी ही यह दर्जा मिलेगा। पहले स्वच्छता की रेटिंग के आधार पर होटलों को रैंक दिए जाते थे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सौरभ उत्तम ने बताया कि जनपद में 46 रेस्टोरेंट व 284 अन्य खाद्य दुकानें हैं। जिन्हें स्वच्छता की रेटिंग में शामिल होना चाहिए।
ताकि ग्राहक बिना किसी झिझक के दुकान में खाद्य वस्तुओं का इस्तेमाल कर सकें। बताया कि तमगा मिलने के बाद प्रत्येक तीन माह में प्राधिकरण की टीम जांच करेंगी। ताकि गुणवत्ता व स्वच्छता में कोई कमी न आने पाए। कमी आने पर यह तमगा छीना भी जा सकता है।
हाइजीन रेटिंग योजना के मानक
4 व 5 स्टार के मानकों में रेस्टोरेंट के किचिन कर्मी और खाना परोसने वाले कर्मचारी साफ-सुथरी वर्दी व मास्क पहने हों। शुद्ध पेयजल के साथ ही पर्याप्त स्थान व फर्नीचर हो। कर्मचारी के नाखून छोटे हों। इसके अलावा खाने में इस्तेमाल की गई सामग्री रजिस्टर्ड कंपनी की हो।