बांदा। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पीडब्ल्यूडी कर्मी की मौत हो गई। बाइक चला रहा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उप स्वास्थ्य केंद्र चिल्ला से कानपुर रेफर कर दिया गया। एक अन्य घटना में गिट्टी के ढेर में बाइक फिसलने से युवक घायल हो गया।चिल्ला कसबा निवासी गंगादीन (52) पुत्र कल्लू निषाद और उसका साथी रामकुमार (26) पुत्र रामसजीवन एक ही बाइक पर बांदा से वापस गांव जा रहे थे।
चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव के पास ग्रीन ढाबा के नजदीक पीछे से आ रहे वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक समेत दोनों काफी दूर तक घसीटते चले गए। राहगीरों ने दोनों को उप स्वास्थ्य केंद्र चिल्ला पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंगादीन को छुट्टी दे दी गई। राम कुमार को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। बुधवार की रात लगभग एक बजे तबीयत बिगड़ने से गंगादीन ने घर पर दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक गंगादीन हेलमेट नहीं लगाए थे जबकि बाइक चला रहे राम कुमार की जान हेलमेट लगाने की वजह से बच गई। मृतक यहां पीडब्ल्यूडी में फतेहपुर जनपद के अढ़ावल घाट के पांटून पुल पर तैनात था। जबकि घायल राम कुमार की अछरौड़ा घाट (बांदा) पांटून पुल पर नियुक्ति है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। दूसरी घटना में में बिसंडा थाना क्षेत्र के इटवां गांव निवासी घनश्याम (28) पुत्र सुदामा पाल मंगलवार की रात गांव लौटते समय गिट्टी के ढेर में बाइक फिसलने से घायल हो गया। उसे यहां से कानपुर भेजा गया है।