खत्रीपहाड़/ करतल। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था धड़ाम है। इससे लोग उमस भरी गर्मी में परेशान हैं। विभागीय लापरवाही से लोगों में नाराजगी है। कहा कि अधिकारी लोगों को गर्मी से जूझने के लिए छोड़े हैं। बिजली लाइनों में फॉल्ट को समय रहते ठीक नहीं कराया जाता, इससे आमजन को परेशान जूझना पड़ता है।
गिरवां क्षेत्र में 33/11 केवी विद्युत सबस्टेशन देवी जी से बिजली आपूर्ति होती है, जो बांदा से वाया खुरहंड पहुंचती है। आए दिन लाइन में खराबी होने से कई गांवों के लोग परेशान रहते हैं। खत्री पहाड़ के मोनू शुक्ला, देवाशीष, हुसैना, गिरवां के प्रदीप कुमार रामकिशोर पांडेय, सीताशरण, शेरपुर के रज्जू यादव, इस्लाम खान, महेश, उमाशंकर सहित अन्य ने बताया कि आए दिन लाइनों में फॉल्ट होने से गांवों में आपूर्ति ठप हो जाती है।
कई गांवों में दो से तीन दिन तक लगातार बिजली नहीं आती। इससे लोग उमस भरी गर्मी से जूझ रहे हैं। कहा कि बिजली न आने से जलापूर्ति पर भी असर पड़ता है। लोगों को पानी के लिए दूर तक जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान न हुआ तो वह सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। वहीं इस संबंध में बिजली विभाग के जेई निर्मल कुशवाहा ने बताया कि गर्मी में मांग ज्यादा होने से लाइनों पर असर पड़ता है। कमियों की जानकारी होने पर उन्हें तत्काल दूर कराया जाता है।
वहीं करतल क्षेत्र में ग्रामीण लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव करतल के अमित, लखन, राकेश, सुरेंद्र, विनोद, प्रमोद सहित अन्य ने बताया कि बीते एक माह से गांवों में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे जलापूर्ति भी प्रभावित होती है। कहा कि कई बार अधिकारियों से समस्या दूर कराने की मांग की गई, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। वहीं इस संबंध में अवर अभियंता प्रदीप कुमार ने कहा कि समस्या की जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही उसे ठीक कराया जाएगा।