पुलिस अधिकारियों संग बैठक करते आईजी एसके भगत
- फोटो : BANDA
बांदा। नवागंतुक पुलिस महानिरीक्षक एसके भगत ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा है कि विधान सभा चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्वक कराना फिलहाल पुलिस की पहली प्राथमिकता और चुनौती है। हर अधिकारी और जवान पूरी मुस्तैदी से चुनाव का दायित्व पूरा करें।
दो दिन पूर्व पदभार संभालने के बाद रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अपनी पहली बैठक में अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों से परिचय हासिल किया। निर्देश दिया कि चुनाव में कोई अपराधी कहीं दखल न दे पाएं। हिस्ट्रीशीटर, शराब माफिया या अवैध शस्त्र बनाने वाले तथा अवैध असलहे रखने वालों को चिन्हित कर उन पर पहले से शिकंजा कसें। आगाह किया कि अच्छे काम पर पुलिस कर्मियों को जहां पुरस्कृत किया जाएगा, वहीं लापरवाही पर दंडित भी किया जाएगा। सरकार की मंशा के मुताबिक पुलिस को अपना दायित्व निभाना है। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सहित अपर एसपी और सभी क्षेत्राधिकारी आदि उपस्थित रहे। (संवाद)