तिंदवारी। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से हजारों लीटर पानी प्रतिदिन बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर भी जल संस्थान के अधिकारियों ने सुध नहीं ली। कस्बे के कबीर नगर, रामनगर, संतोषी नगर, हनुमान नगर, सिकंदरपुर, पपरेंदा तिराहा, बबेरू तिराहा, भिड़ौरा तिराहा, जीजीआईसी, जल संस्थान और थाने के सामने एक साल से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त है।
रोजाना हजारों लीटर पानी नालियों में बह जाता है। क्षतिग्रस्त पाइप लाइन से नालियों का गंदा पानी घरों में आ रहा है। दूषित पानी से संक्रामक रोग का खतरा मंडरा रहा है।
नगर के दीपू सोनी, नरेंद्र गर्ग, अखिलेश नारायण, सुखलाल, पिंटू यादव, संतोष कुमार, अर्जुन सिंह, कामता प्रसाद, दीपक, शिवपूजन, धर्मेंद्र सिंह, शकुंतला देवी, कमला देवी, जय देवी, शांती आदि का कहना है कि जल संस्थान दफ्तर में कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक लीकेज दुरुस्त नहीं किया गया। कस्बे के लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है।