बांदा। चित्रकूटधाम मंडल में आधार नंबर की फीडिंग नहीं होने से 71 हजार से अधिक की वृद्धावस्था पेंशन रुक सकती है। शासन ने पेंशन में आधार नंबर को मोबाइल से लिंक करना अनिवार्य कर दिया है। समाज कल्याण विभाग ने 31 मई तक आधार नंबर लिंक नहीं करने वाले लाभार्थियों की पेंशन रोकने की बात कही है।
मंडल के बांदा, चित्रकूट, महोबा और हमीरपुर जनपदों में 1,80,894 बुजुर्गों को एक हजार के हिसाब से तिमाही पेंशन दी जा रही है। सरकार ने सभी पेंशनरों को मार्च माह तक की पेंशन दे दी है। पेंशन में फर्जीवाड़ा होने की शिकायत पर सरकार ने पेंशनरों के आधार नंबर को मोबाइल से लिंक करने व बैंक खातों में आधार नंबर फीडिंग के आदेश दिए हैं। इसके लिए समाज कल्याण विभाग में पेंशनरों की लाइन लगी है।
अब तक चारों जनपदों में 1,11,791 पेंशनरों के आधार नंबर की फीडिंग हो चुकी है। इसके बावजूद अभी भी 71, 103 पेंशनरों ने आधार नंबर की फीडिंग नहीं कराई है। हालांकि आधार नंबर फीडिंग के मामले में बांदा 48 फीसदी के साथ मंडल में सबसे आगे और प्रदेश में 12वें नंबर पर है। सरकार ने आधार नंबर की फीडिंग की डेट लाइन 31 मई निर्धारित की है। निर्धारित अवधि तक आधार फीडिंग नहीं होने पर पेंशन रोक दी जाएगी।
आधार नंबर फीडिंग का काम तेजी से चल रहा है। मार्च के बाद पेंशन की अब तिमाही किस्त जून माह में आएगी। जिन पेंशनरों की 31 मार्च तक आधार फीडिंग नहीं होगी, उनकी पेंशन रोक दी जाएगी। - अचिंतमणि, उप निदेशक समाज कल्याण चित्रकूट धाम मंडल