बबेरू (संवाद)। प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल की नाप करने गए तकनीकी सहायक व सचिव को ग्राम प्रधान और उसके देवर ने पीट दिया। सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। दोनों कर्मियों ने प्रधान व देवर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, प्रधान ने भी ऑनलाइन तहरीर दी है।
बुधवार को तहसील क्षेत्र के कायल गांव में तैनात तकनीकी सहायक मनोज कुमार व ग्राम पंचायत सचिव अजय पटेल विद्यालय की बाउंड्रीवाल की नाप करने गए थे। इनका आरोप है कि प्रधान सुनीता देवी व उसके देवर राम विलास ने गलत तरीके से नाप करने का दबाव डाला। सहायक व सचिव ने इससे इनकार किया तो प्रधान और उसके देवर ने दोनों कर्मियों को डंडों से पीटा और सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। सचिव व सहायक भागकर खंड विकास अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी के पास पहुंचे और उन्हें जानकारी दी। उन्होंने दोनों को कोतवाली भेजकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, प्रधान सुनीता देवी ने आरोप लगाया है कि वह ग्राम पंचायत कार्यालय में बैठी थीं। दोनों कर्मियों ने उसके साथ छेड़छाड़ व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। धमकी देकर भाग निकले। कोतवाली प्रभारी कृष्ण कुमार का कहना है कि प्रधान व देवर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी अभिलेख फाडने व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, ग्राम प्रधान ने भी अपनी तहरीर ऑनलाइन की है। घटना की जांच की जा रही है।