बांदा। कड़ाके की ठंड में मंडी परिषद के धान क्रय केंद्रों पर 20 दिन से डेरा डाले किसानों की परेशानी शुक्रवार को और बढ़ गई। खरीद केंद्र प्रभारी दोपहर बाद बेमियादी हड़ताल पर चले गए। इससे खरीद बंद हो गई। आक्रोशित किसानों ने विरोध में नारे लगाए। विभाग और सरकारों को कोसा।
मंडी परिषद के विपणन व एफसीआई के धान क्रय केंद्रों पर बड़ी संख्या में किसान धान लेकर डेरा डाले हैं। उनके धान की खरीद नहीं हो रही। किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के नीचे ही आग जलाकर दिन-रात पड़े हैं। शुक्रवार को साल के अंतिम दिन दोपहर करीब एक बजे अचानक खरीद बंद हो गई। प्रदेश व्यापी हड़ताल की सूचना पर केंद्र प्रभारी यहां भी हड़ताल पर चले गए। इस पर किसान भड़क गए। इसके विरोध में प्रदर्शन किया।
डिप्टी आरएमओ सीपी पांडेय ने बताया कि केंद्र प्रभारियों से धान खरीद शुरू करने को कहा गया है। शनिवार तक खरीद शुरू नहीं हुई तो इनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। खरीद के लिए नया विकल्प खोजा जाएगा।
मारपीट के विरोध में प्रभारी हड़ताल पर
बांदा। केंद्र प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि इटावा सहित कई जिलों में केंद्र प्रभारियों के साथ की गई मारपीट के विरोध में प्रदेश व्यापी आह्वान पर हड़ताल की गई है। केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था सहित रोजाना धान की उठान और केंद्र प्रभारियों की शिकायतों पर पहले जांच उसके बाद कार्रवाई की मांगें शामिल हैं।