आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज में परीक्षा के बाद निकलते परीक्षार्थी
- फोटो : संवाद
बांदा। जवाहर नवोदय विद्यालय दुरेड़ी में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को 14 केंद्रों में प्रवेश परीक्षा कराई गईं। परीक्षा में पंजीकृत 5819 परीक्षार्थियों में 2525 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि 3294 ने परीक्षा दी। प्राचार्य सहित 14 पर्यवेक्षकों ने परीक्षा की निगरानी की। परीक्षा में बच्चों को मानसिक योग्यता के प्रश्नों ने उलझाया।
जवाहर नवोदय प्रवेश परीक्षा में शहर में दो और सभी विकास खंड में 12 केंद्र बनाए गए थे। शनिवार को सुबह 11 से 1.30 बजे तक परीक्षा हुईं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले बच्चों की सघन तलाशी ली गई। इसके बाद अंदर प्रवेश दिया गया। सर्दी ज्यादा होने की वजह से पंजीकृत 5819 में2525 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि 3294 ने परीक्षा दी। आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज सहित
जेपी शर्मा इंटर काॅलेज बबेरू में सर्वाधिक 814 परीक्षार्थी रहे। वहीं एचआईसी अतर्रा, जनता इंटर कालेज खुरहंड़, राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी, जीजीआईसी पैलानी, जीजीआईसी बिसंडा, आदर्श इंटर कॉलेज बिसंडा, विनोबा इंटर कॉलेज कमासिन, जीजीआईसी कमासिन, संगम इंटर कॉलेज चिल्ला, सत्यनारायण इंटर कॉलेज तिंदवारी में सकुशल परीक्षा हुई। नवोदय विद्यालय की प्राचार्य सुषमा सागर, डीआईओएस दिनेश कुमार, प्रवेश परीक्षा प्रभारी डॉ.एसके मिश्रा ने परीक्षा में निगाह रखी। इसके अलावा कार्यालय अधीक्षक आब्जर्बर सहित सभी 14 सेंटरों में डीएम ने पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे। परीक्षा प्रभारी डॉ.एसके मिश्रा ने बताया कि कॉपियों को कड़ी सुरक्षा में रखवाया गया है। काफी जांचने के बाद परीक्षा परिणाम मार्च में आएगा। इसके बाद अप्रैल से कक्षा में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।