बांदा/चित्रकूट। फसल की सिंचाई करने गए दो किसानों की ठंड से मौत हो गई। इनमें एक किसान बांदा और दूसरा चित्रकूट का है। नरैनी कोतवाली के गुढ़ाकला गांव के बीहरपुरवा निवासी बाबूलाल (38) शुक्रवार की रात गेहूं की फसल की सिंचाई करने गए थे।
देर रात घर लौटे तो सर्दी से कंपकंपा रहे थे। परिजनों ने बिस्तर पर लिटाकर रजाई ओढ़ा दी। सुबह होने पर अचेत मिले। परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पारिवारिक राजेंद्र यादव ने बताया कि बाबूलाल दो भाइयों में बड़े थे। घर में पत्नी उमा देवी व दो बेटियां एक बेटा हैं। चार बीघा जमीन में खेती किसानी करते थे। सर्दी लगने से मौत होने की आशंका है। नरैनी कोतवाल राममोहन राय ने बताया कि परिजन सर्दी से मौत लगना बता रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
उधर, चित्रकूट की सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा तरौंहा में ठंड लगने से किसान की मौत हो गई। यहां के सुंदरलाल ने बताया कि बेटा किसान चंद्रशेखर (35) शनिवार की सुबह खेत में पानी लगाए था। घर आकर परिजनों को बताया कि सीने में दर्द हो रहा है। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया है।