खप्टिहा कलां (बांदा)। वाहनों की तेज रफ्तार दो बाइक सवारों के लिए काल बन गई। पैलानी थाना क्षेत्र के महाकालेश्वर मंदिर से कुछ मीटर दूर हमीरपुर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में दोनों ही के चालकों की मौत हो गई। एक बाइक चालक पुलिस कांस्टेबल था। वह नरैनी (बांदा) कोतवाली में तैनात था। दूसरा मटौंध थाना क्षेत्र के इटवां गांव का बताया गया है।
घटना सोमवार को शाम करीब साढ़े 6 बजे की बताई गई है। मृतक कांस्टेबल जालौन जनपद के माधौगढ़ थानांतर्गत बोदरा गांव का रहने वाला था। इसी वर्ष जनवरी माह में उसकी तैनाती नरैनी (बांदा) कोतवाली में हुई थी। चार दिन की छुट्टी बिताकर लौट रहा था। उधर, दूसरी बाइक के मृतक रोहित सिंह (30) पुत्र
शिवदार सिंह बाइक से पिपरहरी गांव जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक महाकालेश्वर मंदिर के पास जबरदस्त भिड़ंत में दोनों बाइक सवार उछलकर कई फीट दूर जा गिरे। कांस्टेबल का हेलमेट भी टूट गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे। गंभीर
रूप से घायल कांस्टेबल पवन वर्मा (31) को तत्काल घटनास्थल से कानपुर ले जाया गया। वहां उसकी कुछ ही देर बाद मौत हो गई। पुलिस ने पवन के परिजनों को हादसे की सूचना दी। शव उसके गृह जनपद जालौन ले जाया गया। उधर, मृतक रोहित सिंह के परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। हादसे से दो परिवारों में कोहराम मच गया।