बांदा। माध्यमिक शिक्षा के इतिहास में शायद पहली बार बिना परीक्षा के घोषित किए गए यूपी बोर्ड नतीजों में बुंदेलखंड में मेधा की जमकर बयार बही। डेढ़ लाख से ज्यादा परीक्षार्थी एकमुश्त हाईस्कूल और इंटर की कक्षाओं में उत्तीर्ण हो गए। दोनों का औसत नतीजा करीब 98 फीसदी रहा। दोनों परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या लगभग 1,50,920 रही।
बांदा में कुल 40,136 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें हाईस्कूल में 22,787 और इंटर के 17,349 परीक्षार्थी हैं। हाईस्कूल में छात्रों की संख्या 12,724 व छात्राएं 10,063 तथा इंटर में 9659 छात्र और 7690 छात्राएं पंजीकृत थे। हाईस्कूल में करीब 22,680 और इंटर में लगभग 16,981 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। इनमें अधिकांश ने अच्छे अंकों के साथ मेधावी सूची में नाम दर्ज कराया। कुल 39,661 छात्र-छात्राओं को सफलता मिली। छात्रों से आगे रहने की चली आ रही परंपरा को अबकी भी छात्राओं ने बरकरार रखा। जनपद में हाईस्कूल व इंटर का परीक्षाफल 98.81 फीसदी रहा। मात्र 475 परीक्षार्थी ही किन्हीं कारणों से उत्तीर्ण नहीं हो सके। हाईस्कूल रिजल्ट का औसत 99.53 फीसदी रहा। यानि 22,680 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इंटर का औसत परिणाम 97.88 फीसदी रहा। 16,981 छात्र-छात्राओं को सफलता मिली। दोनों परीक्षाओं में मात्र 475 छात्र-छात्राएं ही उत्तीर्ण होने से रह गए।
चित्रकूट में दोनों कक्षाओं में कुल 22,707 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें हाईस्कूल में 6750 छात्र और 6223 छात्राएं हैं। इंटर में 5238 छात्र और 4496 छात्राएं पंजीकृत थीं। लगभग 97 फीसदी छात्र-छात्राओं को उत्तीर्ण घोषित किया गया है। हाईस्कूल में 94.5 फीसदी अंकों के साथ आयुषी द्विवेदी और इंटर में 91.60 प्रतिशत अंकों के साथ संदीप पाल ने अपनी मेधा का बढ़चढ़कर प्रदर्शन किया है। हमीरपुर में 28,257 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 15,382 हाईस्कूल और 12,875 इंटर के थे। सरस्वती विद्या मंदिर के छात्र रजत हाईस्कूल में 94.16 प्रतिशत अंकों के साथ टॉपर रहे। इंटर में छात्र विपिन कुमार 90.6 फीसदी अंकों के साथ अव्वल रहे। छात्राओं में हाईस्कूल में खुशबू और इंटर में स्नेहा राठौर अव्वल बनीं। महोबा में 22,277 बोर्ड परीक्षार्थी थे। इनमें 12,423 हाईस्कूल और 9854 इंटर के छात्र-छात्राएं हैं।
संत जोसफ स्कूल की छात्रा अंकिता हाईस्कूल में 93.66 प्रतिशत अंक लेकर सर्वोपरि रहीं। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चरखारी के छात्र शुभ चपरा 92.5 और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज पनवाड़ी के छात्र देवेंद्र ने 92 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा व तीसरा स्थान पाया। सरस्वती विद्या मंदिर चरखारी में आयुष गुप्ता 90.20 फीसदी अंकों से अव्वल रहे। जालौन जनपद में 40,621 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल व इंटर में पंजीकृत थीं। हाईस्कूल में 20,293 और इंटर में 20,328 पंजीकृत थे। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के हाईस्कूल छात्र कार्तिकेय त्रिपाठी व तनुष एक समान 93.13 फीसदी अंक लेकर टॉपर रहे। छात्राओं में तनु तिवारी 91 फीसदी अंकों के साथ अव्वल रहीं। उधर, रामजी लाल पांडेय स्कूल की छात्रा सुहानी ने 92 प्रतिशत हाईस्कूल में अंक हासिल किए। एसआर इंटर कॉलेज और विनायक स्कूल के छात्रों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया।
अंशिका और श्रद्धा के सिर टॉपर का ताज
बांदा। मंडल मुख्यालय के सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (केन पथ) की छात्राओं ने अपनी मेधा का परचम अबकी भी सबसे ऊंचा फहराया। हाईस्कूल में अंशिका द्विवेदी 93.6 फीसदी और इंटर में श्रद्धा त्रिपाठी 88.4 प्रतिशत अंक हासिल करके टॉपर बनीं। हाईस्कूल में प्रांजलि गुप्ता और अदिति सिंह ने एक समान 92.8 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। शालिनी को 92.6 फीसदी अंकों पर तीसरा और अनुराधा गुप्ता को 92.3 प्रतिशत प्राप्तांक पर चौथा स्थान मिला। हिमांशी 92.1 फीसदी अंकों के साथ 5वें मुकाम में रहीं। इंटरमीडिएट में श्रद्धा त्रिपाठी 88.4 फीसदी अंकों से टॉपर बनीं। रिया देवी 85.4 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर और संध्या ओझा 84.8 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। पल्लवी देवी 84.2 और अंजलि प्रजापति 83 प्रतिशत अंक लेकर 5वीं मेधावी बनीं। विद्यालय में जश्न का माहौल रहा। प्रधानाचार्य अमिता सिंह ने मेधावियों को शुभकामनाएं और शाबासी देकर मिठाई खिलाई। (संवाद)
विद्या मंदिर में करन और जगदीश का जलवा
बांदा। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज (प्रयागराज रोड) के छात्रों ने भी अपनी मेधा का डंका पीटा। यहां हाईस्कूल में करन यादव (93.16 प्रतिशत) और इंटर में जगदीश कुमार पाल (87.8 प्रतिशत) टॉपर बने। हाईस्कूल में मयंक गुप्ता (92.5), हिमांशु मिश्रा (91.17), अभय राज सिंह व रिपुंज्जय शुक्ला (91), शिवम यादव व प्रखर (90) फीसदी अंकों के साथ मेधावी बने। इंटर में जगदीश कुमार पाल (87.8), आदित्य गुप्ता (87), सुनील कुमार (86.8), शिवम द्विवेदी (85.8), सुंदरम अवस्थी (84.8) और ऋिषभ त्रिपाठी (84.4) प्रतिशत अंक लेकर मेधावी रहे। प्रधानाचार्य व अन्य शिक्षकों ने शाबासी दी। मेधावियों के घर जश्न रहा। (संवाद)
डीआर में मनु और प्रियंका टॉपर
बांदा। डीआर पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल में 91 और इंटर में 52 छात्र-छात्राएं सफल हुए। नतीजा शतप्रतिशत रहा। इंटर में मनु सिंह गौतम (82.2 प्रतिशत) कॉलेज टॉपर बने। आरती गुप्ता (81.8) व गौरव सिंह पटेल (81.8) को दूसरा और अनुष्का राजे व शालिनी कश्यप एक समान अंक (81.6 फीसदी) के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। हाईस्कूल में प्रियंका मिश्रा (88.6) टॉपर बनीं। दीपांजलि (88) और भक्ति त्रिपाठी (86.5) क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। (संवाद)
One and a half lakh promising jump in Bundelkhand- फोटो : BANDA