बांदा। संदिग्ध हालात में वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि वैक्सीन लगने के कुछ देर बाद हालत बिगड़ गई थी। हालांकि डाक्टर वैक्सीन से मौत नहीं मान रहे। परिजन बगैर पोस्टमार्टम के शव वापस घर ले गए।
कोतवाली देहात क्षेत्र के पचनेही गांव निवासी मेवालाल (60) की सोमवार को दोपहर हालत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पुत्र बबलू व पत्नी राजरानी ने आरोप लगाया कि शनिवार को वैक्सीन लगवाई थी। इसी के बाद से उनकी तबियत खराब थी।
सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। मृत्यु के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम के शव अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए। जिला अस्पताल ट्रामा सेंटर चिकित्साधीक्षक डा.विनीत सचान ने बताया कि वैक्सीन से मौत संभव नहीं है।
उधर, सीएमओ डा.वीके तिवारी का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। पता कर जांच कराएंगे। उन्होंने भी वैक्सीन से मौत के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।