बांदा। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अछाह गांव में गुरुवार को सो रही पत्नी को पति ने पीट पीटकर मार डाला। वह एमपी के छतरपुर से नर्सिंग का कोर्स कर रही थी। यह अलग घर में रहते थे। घटना के बाद पति फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है। इलाज चल रहा है।
गुरुवार को सुबह करीब 5 बजे रसना देवी (20) घर में सो रही थी। कुछ दूर स्थित अपने मामा सुरेश के यहां से अपने घर पहुंचे पति असित पटेल ने रसना को डंडों से पीट दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से वह मरणासन्न हो गई। इसके बाद पति असित घर से चला गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने रसना को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहले भी कई बार पीट चुका
बिसंडा के कैरी निवासी पिता बिसेना पटेल ने बताया कि रसना की शादी लगभग चार साल पूर्व हुई थी। उसके एक पुत्री नैंसी है। आरोपी पति ने कई बार उसकी पुत्री को पीटा। मानसिक बीमार होने के चलते कोई बीच-बचाव को नहीं पहुंचता था।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
मृतका के जेठ अमित पटेल ने बताया कि करीब आठ माह पूर्व बंटवारे के बाद असित अपनी पत्नी के साथ अलग रहता था। मानसिक बीमार होने पर उसका प्रयागराज में साढ़े तीन साल से इलाज चल रहा है। बबेरू कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पाठक का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।