NSUI District Incharge of Chitrakoot Division declared
- फोटो : BANDA
बांदा। कांग्रेस हाईकमान ने छात्रों और युवाओं को अपने परचम तले जुटाने की कवायद नए सिरे से शुरू की है। लगभग निष्क्रिय भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) को चित्रकूटधाम मंडल में सक्रिय बनाने के लिए मंडल के चारों जिलों बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा में नए युवाओं को प्रभारी नियुक्त किया है।
बांदा और हमीरपुर की कमान पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के बेटे और छात्र अजफार सिद्दीकी और एक अन्य छात्र नेता मोहम्मद तारिक को सौंपी है। ये शुक्रवार को दोपहर बांदा आ रहे हैं।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान ने प्रदेश के 14 जिलों में छात्र संगठन के नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। इन जिलों में चित्रकूटधाम मंडल के चारों जिले शामिल हैं। बांदा व हमीरपुर में अजफार सिद्दीकी और मोहम्मद तारिक एनएसयूआई में जान फूंकेंगे।
इसके अलावा चित्रकूट में राजा भारत और फैसल हाशमी तथा महोबा में रितिक शुक्ला (मोंटी) और आकाश दीक्षित जिला प्रभारी बनाए गए हैं। बांदा-हमीरपुर प्रभारी दोनों छात्र नेता शुक्रवार को अपना पहला भ्रमण बांदा में करेंगे। दोपहर साढ़े 12 बजे अलीगंज स्थित कांग्रेस के कैंप कार्यालय में छात्रों और पार्टी के लोगों के साथ बैठक करेंगे।