नरैनी। कोतवाली क्षेत्र के लहुरेटा गांव की बालू खदान पट्टाधारक द्वारा अतर्रा के चार लोगों पर 20 लाख की रंगदारी मांगने और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने के दूसरे ही दिन इसी खदान के चौकीदार ने पट्टाधारक पर मारपीट करने और जातिसूचक शब्दों के साथ जान से मारने की धमकी की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलरूप से बिहार निवासी अंकित कुमार राय कात्यायनी नेचुरल रिसोर्सेज लिमिटेड फर्म के नाम से लहुरेटा खदान का पट्टा/ठेका लिए है। सोमवार की रात अंकित राय नरैनी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अतर्रा निवासी जितेंद्र चौरिहा और उसके पुत्र योगेंद्र चौरिहा उर्फ योगी तथा गार्ड बब्बू पंडित और जितेंद्र के साले ने हर माह 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग करते हुए 12 जनवरी को उसके कार्यालय में आकर मारपीट की थी।
पुलिस ने चारों के विरुद्ध कई संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। हालांकि किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। उधर, इसी घटना के बाद अब लहुरेटा खदान-दो में चौकीदार और क्षेत्र के मुतियारी गांव निवासी रज्जू वर्मा पुत्र दृगपाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि खदान ठेकेदारों ने उसे 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखवाली/चौकीदारी के लिए रखा था।
आरोप लगाया कि शनिवार को दिन में करीब 3 बजे खदान संचालक अंकित राय व विश्वजीत सिंह पुत्र रामजनक सिंह (बिहार) ने उसे पटककर पीटा और बंदूक अड़ाकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। रज्जू के मुताबिक उसने अपना वेतन मांगा था। इस पर पट्टाधारक भड़क गए। कोतवाली प्रभारी गिरेंद्र सिंह ने बताया कि लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।