बांदा। कर करेत्तर एवं राजस्व विभागों की मासिक समीक्षा बैठक से अनुपस्थित व्यापार कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर और अधिशासी अभियंता (विद्युत विभाग ग्रामीण/शहरी) से डीएम अनुराग पटेल ने स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीएम ने विद्युत विभाग की कम वसूली पर विभाग को एक्शन प्लान तैयार करने और एक लाख से बड़े बकायेदारों की आरसी जारी करने को कहा। आबकारी विभाग की वसूली भी कम पाई गई। नगर पंचायत बबेरू, तिंदवारी व ओरन में माह में लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली पर यहां के अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
अतर्रा मंडी समिति में भी कम वसूली पर सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा। डीएम ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पहले नाले-नालियों की सफाई कराएं और एक हफ्ते के अंदर मुनादी पिटवाकर शहरी क्षेत्रों से अतिक्रमण हटवाएं। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी शामिल रहे।