बांदा। रिमझिम बारिश के बीच एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने करीब दो किमी की दौड़ लगाकर फिट इंडिया कार्यक्रम मनाया। आयोजन आजादी के अमृत महोत्सव के तहत किया गया था।
बारिश और पसीने ने उन्हें तरबतर कर दिया था, लेकिन अमृत महोत्सव के जोश में तिरंगा थामे प्रतिभागी बिना रुके और थके दौड़ पूरी की। समापन पर शपथ दिलाई गई। शनिवार को सुबह रुक-रुककर बारिश हो रही थी।
सुबह 7 बजे जीआईसी मैदान में एनसीसी कैडेट्स, कई कालेजों के छात्र-छात्राएं और टीचर मौजूद थे। मंडलायुक्त दिनेश कुमार को झंडी दिखाने को आना था, लेकिन बारिश में वह नहीं आ सके। अलबत्ता एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने झंडी दिखाने की औपचारिकता पूरी की।
इसके बाद दौड़ शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राओं ने बारिश में भीगते हुए दौड़ लगाई। लगभग दो किमी की दौड़ पूरी करने में करीब पौन घंटे लग गए।
60वीं उत्तर प्रदेश बटालियन एनसीसी, फतेहपुर के कमाडिंग आफिसर (समादेश अधिकारी) ओपी शर्मा के निर्देशन में बजरंग इंटर कॉलेज में संचालित एनसीसी इकाई के 200 कैडेट्स समेत 750 प्रतिभागी दौड़ में शामिल रहे।
समापन जीआईसी मैदान में हुआ। एडीएम ने कहा कि आजादी दिलाने में क्रांतिकारियों का बड़ा योगदान रहा है। डीआईओएस विनोद सिंह ने कहा कि आजादी मनुष्य का सबसे बड़ा अधिकार है। संयोजक एवं प्रधानाचार्य मिथिलेश कुमार पांडेय ने आभार जताया। एनसीसी चीफ आफिसर मंगल प्रसाद ने दौड़ का नेतृत्व किया।
उधर, राजकीय महिला डिग्री कालेज में एनएसएस छात्राओं द्वारा फ्रीडम रन का आयोजन हुआ। इसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय इकाई की स्वयंसेवक छात्राएं शामिल रहीं। नेतृत्व प्रभारी डा. सबीहा रहमानी, ज्योति मिश्रा व अंकित तिवारी ने किया। जेएन डिग्री कालेज में एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस छात्र-छात्राओं आदि शपथ दिलाई गई।