बांदा। राजकीय इंजीनियरिंग काॅलेज अतर्रा में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतिम दिन उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशस्तिपत्र दिया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने लोगो को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। छात्र-छात्राओं ने भाषण, कविता तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
एसडीएम रावेंद्र सिंह ने यातायात नियमों के महत्व के बारे में बताया। कहा कि कहा कि एक व्यक्ति की मौत से पूरा परिवार बर्बाद हो जाता है। पूरी पीढ़ी पीछे चली जाती है। एआरटीओ शंकर सिंह ने कहा कि स्टेक होल्डर विभागों के अंतर्विभागीय समन्वय से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। हमें खुद जागरूक होकर घर-परिवार के लोगों को भी जागरूक करना है। आरटीओ (प्रवर्तन) अनिल कुमार ने दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट व कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में आरटीओ संतदेव सिंह, यात्रीकर अधिकारी राम सुमेर यादव, राजकीय महिला डिग्री कॉलेज प्राचार्य डा. दीपाली गुप्ता, अपर निदेशक स्वास्थ्य रेखा रानी, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन दिनेश कुमार यादव आदि उपस्थित रहे।