बबेरू। खेत में बने ट्यूबवेल की छत में सो रहे युवक की गला घोटकर की गई हत्या में मृतक की मां ने अपनी बहू (मृतका की पत्नी) व अन्य अज्ञात पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी बहू से पूछताछ कर रही है।
कमासिन थाना क्षेत्र के जामू गांव के मजरा रामजस के पुरवा में ट्यूबवेल में पत्नी के साथ सो रहे सोनू की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। सुबह होने पर उसकी पत्नी निशा ने घटना की जानकारी परिजनों को दी थी। पत्नी निशा ने बताया था कि सर्प के डसने की वजह से पति की मौत हुई है। उधर, पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात पुष्ट होने पर को मृतक सोनू की मां सरस्वती ने अपनी बहू निशा व अन्य के विरुद्ध पुत्र की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहू ने गला दबाकर पुत्र की हत्या की है। पुत्र के चेहरे, गले पर नाखून व काटने के निशान थे। बहू के ब्लाउज के बटन भी घटनास्थल से मिले हैं। उधर, मां का कहना है कि सोनू ने दो साल पहले पड़ोसी बिरादरी के राजेंद्र की पुत्री निशा के साथ जनवरी 2023 में शादी में की थी। शादी के पहले निशा और सोनू के बीच प्रेम प्रसंग हो गया था। एक ही बिरादरी के होने के चलते परिजनों ने रजामंदी के चलते उनकी शादी कर दी थी। पुलिस ने सोनू की पत्नी का मोबाइल भी कब्जे में लिया है। उसके फोन में किसी रिश्तेदार युवक से बातचीत होना मिला है। पुलिस ने आरोपी निशा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। कमासिन थाना इंस्पेक्टर भास्कर मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद निशा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।