बाबूलाल चौराहा में अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते सिटी मजिस्ट्रेट।
- फोटो : संवाद
बांदा। डीएम ने अतिक्रमण व जाम से जूझते शहर को बदलने की ठानी है। उनके निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट और पालिका की टीम बाबूलाल चौराहा पहुंची। यहां से अवैध वाहन स्टैंड हटाया। सिटी मजिस्ट्रेट ने पटरी पर अतिक्रमण करने वालों को भी खदेड़कर चेतावनी दी। सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाई गई दुकान वालों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया। कहा इसके बाद बुलडोजर चलेगा।
जिलाधिकारी जे रीभा ने अधिकारियों को शहर से अवैध वाहन स्टैंड और अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला और नगर पालिका ईओ नीलम चौधरी के नेतृत्व में टीम ने बाबूलाल चौराहा से सट्टन तिराहे तक अतिक्रमण को लेकर अभियान चलाया। बताया कि इसके बाद बाबूलाल चौराहा, काली देवी मंदिर होते हुए अतर्रा चुंगी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। इस दौरान सड़क की पटरियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण न हटाने वाले दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया।
हाईवे किनारे स्थित पक्की बनी करीब 20 दुकानों को चिह्नित किया गया। व्यापारियों को दो दिन का अल्टीमेटम दिया गया। कहा कि इसके बाद प्रशासन व नगर पालिका खुद अतिक्रमण हटाएगी। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि काली देवी मंदिर के सामने बिजली दफ्तर की बाउंड्री के आगे करीब 15 दुकानें अवैध रूप से पक्की बनी हैं। नगर पालिका के आरआई रामजस ने बताया कि कई बार नोटिस के बाद भी पटरी से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। बाबूलाल चौराहा में अवैध तरीके से ई-रिक्शा, ऑटो, बस स्टैंड बना है।
नगर मजिस्ट्रेट ने वहां तैनात पुलिस व होमगार्ड जवानों को कड़ी फटकार लगाई। सिटी मजिस्ट्रेट ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में फिर से अतिक्रमण किया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वरिष्ठ सफाई निरीक्षक हेमंत प्रसाद, संजीत कुमार, नवल किशोर, गौरव श्रीवास्तव, मोनू कुशवाहा सहित पुलिस बल मौजूद रहा।