बांदा। पंजाब की रोपड़ जेल से बांदा की जेल में लाए गए बाहुबली विधायक और गैंगस्टर मुख्तार अंसारी ने पंजाब की मोहाली की अदालत में सोमवार को वर्चुअल हाजिरी दी। यहां आने के बाद यह दूसरी अदालत की पेशी थी। मुख्तार की सोमवार को लखनऊ की अदालत में भी पेशी होनी थी, लेकिन नहीं हो सकी। जेल अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इसका आदेश नहीं मिला।
बांदा जेल में स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में सोमवार को मुख्तार अंसारी को बैरक से लाया गया। काफी देर इंतजार के बाद बारी आने पर मोहाली की विशेष अदालत के सामने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी हुई। सूत्रों के मुताबिक, लगभग 20 मिनट चली पेशी में अदालत ने कई सवाल-जवाब किए। मोहाली की कोर्ट में चल रहा केस रंगदारी मामले का है। मुख्तार अंसारी पर वहां के एक ठेकेदार से जबरन वसूली का आरोप है। बताया गया कि ऑनलाइन पेशी के दौरान मुख्तार की ओर से कोई अधिवक्ता या पैरोकार नहीं रहे। कोर्ट ने जो भी सवाल कि मुख्तार ने खुद जवाब दिए।
अब इस मामले में अगली सुनवाई 26 अप्रैल को होगी। उधर, मुख्तार के यहां शिफ्ट होने के बाद जेल में जबरदस्त सुरक्षा व्यवस्था है। सोमवार को कोर्ट में पेशी के मद्देनजर यह और चौकस रही। मुख्य गेट पर दिनभर सुरक्षा कर्मी सतर्क रहे। किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। उधर, लखनऊ की कोर्ट में मुख्तार द्वारा वहां के जेल अधिकारियों व स्टाफ के साथ मारपीट का केस विचाराधीन है। इसमें धारा 147, 336, 353, 508 आदि पर सुनवाई चल रही है। आरोपपत्र को लेकर बहस होनी है, लेकिन लखनऊ कोर्ट से ऑनलाइन संपर्क नहीं हो सका।
नजरें कमजोर, बाहुबली को सता रहे मच्छर
बांदा। शुगर और ब्लड प्रेशर के पहले से ही मरीज बाहुबली मुख्तार अंसारी को उनकी आंखें भी परेशान कर रही हैं। सोमवार को आंख की तकलीफ बढ़ने पर जेल प्रशासन ने जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ को बुलवाया। डा. एसएन मिश्रा ने मुख्तार अंसारी की आंखों का चेकअप किया। बाहुबली मुख्तार अंसारी ने नजदीक की दृष्टि भी कमजोर होने की शिकायत बताई। ऐसे में मुख्तार को चश्मे के लेंस का नंबर बढ़ाकर लगाने की सलाह दी गई। अब नजदीक नजर का चश्मा मौजूदा चश्में से ज्यादा नंबर का लग सकता है। उधर, जेल की बैरक में बाहुबली मुख्तार अंसारी को मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी का सहारा लेना पड़ रहा है। बैरक में बने प्लेटफार्म (चबूतरे) पर लगे बिस्तर में मच्छरदानी लगाई है। (ब्यूरो)
सैनिटाइजेशन के साथ कैमरे बढ़ाए गए
बांदा। जेल में रविवार को एक व्यक्ति के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद यहां सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। सोमवार को फायर ब्रिगेड की मशीन ने जेल गेट और परिसर में सैनिटाइजेशन किया। उधर, जेल में सीसी कैमरों की संख्या और बढ़ाई गई है। जेल के अंदर बैरक परिसरों में 13 नए कैमरे लगाए गए हैं। सोमवार को कैमरा लगाने का काम चलता रहा। जेल में अंदर से बाहर तक 32 कैमरे पहले से ही लगे हैं। (ब्यूरो)