कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 जुलाई को होने वाली रैली के लिए भाजपाई ऐसे युवकों की तलाश में जुट गए हैं, जिन्हें कौशल विकास की जरूरत है। इस संबंध में रविवार को सरोजनी नगर स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलाध्यक्षों की बैठक हुई।
क्षेत्रीय महामंत्री संगठन ओमप्रकाश ने कहा कि सभी जिलाध्यक्ष अपने अपने क्षेत्र में कौशल विकास से जुड़े कार्यक्रमों पर ध्यान दें। क्षेत्र में जो भी युवा बेरोजगार हैं, उनको कौशल विकास से जोड़ा जाए। इस बात की भी कोशिश की जाए कि युवा रैली में आकर प्रधानमंत्री का दिशा निर्देश प्राप्त करें।
इस दौरान जिलाध्यक्षों से जिला कार्यकारिणी का गठन भी पूरा करने को कहा गया। कुछ जिलाध्यक्षों ने क्षेत्रीय महामंत्री संगठन को कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की सूची भी सौंपी। उत्तर इकाई की सूची अभी जमा नहीं की गई है।
ओमप्रकाश ने बताया कि जल्द ही पदाधिकारियों की घोषणा कर दी जाएगी। बैठक में सुरेश अवस्थी, अन्नू श्रीवास्तव, देवेश, मोहित पाण्डेय, सुरेंद्र मैथानी, अशोक जाटव, दिनेश बाजपेई, रमेश दिवाकर, संत विलास शिवहरे, जितेंद्र सेंगर, इंद्रपाल,नरेंद्र राजपूत, राहुल अग्निहोत्री, शिव महेश, उदयन पालीवाल शामिल रहे।
सुझाव सेल का गठन
प्रधानमंत्री के कानपुर आगमन को लेकर भाजपा उत्तर इकाई ने एक सुझाव सेल का गठन किया है। इस सेल के जरिए शहरवासियों की बातें सीधे प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का इंतजाम किया गया है। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि सेल 5 जुलाई तक काम करेगा।
इसमें शहरवासी कें द्र सरकार के हिसाब से जो भी विकास कार्यों से जुड़ा सुझाव देना चाहते हैं, उनका स्वागत रहेगा। यदि पानी, बिजली,नाली सड़क का सुझाव आता है तो उसे स्थानीय विधायकों और पार्षदोें के पास भेजकर पूरा कराया जाएगा। सुझाव लिखित में नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में दिया जा सकता है।