प्रबंध निदेशक सौम्या को ज्ञापन देते बिजली कर्मचारी।
- फोटो : BANDA
बांदा। उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को यहां पावर कार्पोरेशन (दक्षिणांचल) वितरण निगम की प्रबंध निदेशक सौम्या अग्रवाल को पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कई कर्मचारियों से संबंधित समस्याएं बताई गईं। इनमें मृतक आश्रितों को नियुक्त किए जाने से संबंधित प्रकरण ज्यादा थे।
साथ ही बताया गया कि बांदा में 33 सब स्टेशनों का संचालन 113 कुशल संविदा कर्मियों द्वारा किया जाता था। अब इन कर्मियों की संख्या घटकर 53 कर दी गई है। इससे राजस्व और अनुरक्षण कार्य दोनों ही बाधित हो रहे हैं। पूर्व की भांति संविदा कर्मी नियुक्त किए जाएं।
इस दौरान नए सब स्टेशन भी बने हैं। कर्मचारियों की कमी से इनके संचालन में दिक्कत हो रही है। ज्ञापन कर्मचारी संघ के दक्षिणांचल महामंत्री अनिल यादव और कमाल अहमद ने दिया। प्रबंध निदेशक ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
उधर, प्रबंध निदेशक ने शुक्रवार को दोपहर बाद भूरागढ़ सब स्टेशन का निरीक्षण किया। जमालपुर जाकर भी बिजली लाइनों की स्थिति देखी। उनके साथ पावर कार्पोरेशन के मंडल और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।