बांदा। राजकीय मेडिकल कालेज में वार्षिकोत्सव इनफिनिक्स सप्ताह शुरू हो गया। यह 20 नवंबर तक चलेगा। शुक्रवार को सुबह प्रधानाचार्य डा.मुकेश यादव और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन प्रांत अध्यक्ष डा.मोहम्मद रफीक तथा डा.शबाना रफीक ने संयुक्त रूप से फीता काटा और मशाल प्रज्ज्वलित करके उद्घाटन की रस्म अदा की।
प्रधानाचार्य ने कहा कि लगातार अध्ययन से एक अलग माहौल बन जाता है। ऐसे आयोजनों से छात्रों में प्रतिस्पर्धा और टीम वर्ग की भावना विकसित होती है। डा.मोहम्मद रफीक ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ दिमाग पलता है। प्रत्येक छात्र को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा जरूर खेलना चाहिए।
उत्सव में पहले दिन मेडिकल कालेज फैकल्टी और आर्गनाइजिंग बैच एमबीबीएस-2017 के बीच क्रिकेट मैच हुआ। फैकल्टी टीम विजयी रही। उधर, बैच-2016 और 2017 की छात्राओं के बीच हुए मैच में वर्ष 2016 की छात्राएं विजेता बनीं। वर्ष 2017 व वर्ष 2016 के छात्रों के बीच खोखो मुकाबले में 2016 बैच ने जीत हासिल की।
दोपहर बाद हुए जूनियर रेजीडेंस और वर्ष 2017 बैच के बीच क्रिकेट मैच में जूनियर रेजीडेंस को विजय मिली। इनके अलावा बैडमिंटन, वालीबाल, टेबिल टेनिस के मैच हुए। मेडिकल कालेज के डा.भूपेंद्र सिंह (ईएनटी विशेषज्ञ), डा.विनीत सिंह (आर्थो), डा.वीरेंद्र सिंह यादव (फार्माकॉलोजी), डा.दिलीप, डा.अभय पांडेय आदि मौजूद रहे।