Means of entertainment will be there in Deepawali fair
- फोटो : BANDA
बांदा। शहर और अतर्रा में गुरूवार से शुरू होने वाले आठ दिवसीय दीपावली मेले की तैयारियां पूर्व संध्या में पूरी कर ली गईं। मेेलों में 60 रेहड़ी दुकानदार व 40 अन्य व्यापारियों सहित सरकारी विभागों के स्टॉल होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजन के साधन और प्रतियोगिताएं भी होंगी।
डीएम ने जनपदवासियों से कहा है कि वह परिवार सहित दीपावली मेले का लुत्फ जरूर लें। आवश्यक सामग्री खरीददारी कर गरीब दुकानदारों को लाभ पहुंचाएं। मेले में चिकित्सा व सुरक्षा दोनों के पुख्ता इंतजाम हैं। दुकानदारों को दुकानों का आवंटन नि:शुल्क किया जाएगा।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में मीडिया से रूबरू डीएम अनुराग पटेल ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रदेशभर की नगर पालिकाओं में दीपावली मेले लगाए जा रहे हैं। ताकि एक ही स्थान पर लोगों को सभी सामान मिल सके। साथ ही छोटे दुकानदारों की आमदनी हो। बांदा में जहीर क्लब मैदान और अतर्रा में गौराबाबा स्थान पर दीपावली मेला लगेगा। इसकी शुरूआत 28 अक्तूबर (गुरुवार) से होगी। यह 4 नवंबर तक चलेगा।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए स्वच्छता सेल्फी/सेल्फी विद ग्रेट लीडर्स स्थल, एलईडी लगेंगी। ताकी लोग आसानी से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ ले सकें। मेले का उद्घाटन 30 अक्तूबर को प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री लाखन सिंह राजपूत करेंगे।
मेले में दुकानदारों सहित आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस हेल्प डेस्क, फायर ब्रिगेड, चिकित्सकों की टीम, एंबुलेंस, महिला कांस्टेबिल सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मेले की सफलता के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय टीम गठित की गई है। जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी सदस्य होंगे।