बांदा। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने बैंक जा रहे शाखा प्रबंधक को गोली मार दी। वे मैनेजर का बैग छीन कर भाग निकले। बैग में बैंक की चाबियां, मोबाइल और कागजात थे। शाखा प्रबंधक को कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंक अधिकारी ने अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इलाहाबाद तुलसी ग्रामीण बैंक के पखरौली शाखा प्रबंधक दिनेश प्रसाद गुप्ता (50) शुक्रवार सुबह करीब 9.45 बजे अतर्रा से स्कूटी से बैंक जाने के लिए निकले। स्कूटी बैंक कर्मी अतर्रा निवासी जितेंद्र कुमार पांडेय चला रहे थे। वे बबेरू कोतवाली क्षेत्र के मझिला गांव के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। एक बदमाश ने पीछे आकर बैंक शाखा प्रबंधक दिनेश की पीठ पर तमंचे से गोली मार दी।
गोली लगते ही मैनेजर बेहोश हो गए। दूसरे बदमाश ने प्रबंधक का बैग छीन लिया। इसके बाद वे फरार हो गए। बदमाशों की बाइक में लगी नंबर प्लेट पर नंबर स्पष्ट नहीं थे। शाखा प्रबंधक के सहयोगी कर्मी जितेंद्र ने पुलिस और अपने बैंक अधिकारियों को सूचना दी। बबेरू कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु सिंह यादव पहुंच गए और घायल शाखा प्रबंधक को बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया। शाखा प्रबंधक को कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंक के प्रशासनिक मैनेजर ने बबेरू कोतवाली में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अतर्रा के मूल निवासी शाखा प्रबंधक की तीन माह पहले ही यहां नियुक्ति हुई है।