नए खरीद केंद्र स्थल विशिष्ट मंडी में हो रही धान की खरीद। संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। विधानसभा चुनाव की तैयारियां किसानों के लिए भी भारी पड़ रही हैं। मुख्यालय स्थित मंडी समिति परिसर चुनावी प्रक्रिया के लिए अधिग्रहीत कर लिए जाने पर यहां चल रहे धान खरीद केंद्र शहर से 15 किमी दूर नेशनल हाईवे स्थित विशिष्ट मंडी स्थल, दुरेड़ी में स्थानांतरित कर दिए गए हैं। यहां बिजली-पानी की उचित व्यवस्था नहीं है। बिजली बगैर इलेक्ट्रानिक तराजू चार्ज नहीं हो पा रहे।
जिला प्रशासन द्वारा मंडी समिति, कालू कुआं को चुनाव के लिए अधिग्रहीत कर लिए जाने से यहां पहली नवंबर से चल रहे धान खरीद केंद्र बंद कर दिए गए। विपणन शाखा के दो व एफसीआई शाखा का एक खरीद केंद्र अब विशिष्ट मंडी स्थल में शिफ्ट कर दिया गया है।
शनिवार से यहां खरीद शुरू हो गई। विपणन शाखा के केंद्र प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि अब तक दोनों केंद्रों में 500 किसानों से 33 हजार क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। एफसीआई केंद्र प्रभारी पवन कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि उनके केंद्र में 205 किसानों से 9861 क्विंटल धान खरीदा गया है।
जौरही गांव के किसान अनमोल सिंह ने बताया कि नए खरीद केंद्र विशिष्ट मंडी तक आने में अब 500 रुपये की जगह 1000 रुपये का डीजल लग रहा है। यहां पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं हैं।
फतपुरवा गांव के धीरज सिंह ने बताया कि मंडी स्थल में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। मंडी गेट के बाहर से पानी ढोकर लाना पड़ता है। इलेक्ट्रानिक तराजू रिचार्ज न होने से तौल प्रभावित हो रही है।
अनमोल सिंह- फोटो : BANDA
धीरज सिंह- फोटो : BANDA