मेहंदी ताजिया जुलूस में लड्डू लूटते युवक।
- फोटो : अमर उजाला
आठवीं मोहर्रम पर परंपरागत मेहंदी ताजियों के जुलूस की धूम रही। सुबह मर्दननाका, अलीगंज, खुटला, कुंजरहटी आदि मोहल्लों से मेहंदी ताजिया कोतवाली के लिए रवाना हुए। दोपहर को मेले में मिलाप की रस्म हुई। सब्जी फरोश, कुदउवा जनाना, दरी बुनकर और ढपालियों की मेहंदी जुलूस छिपटहरी व मर्दननाका की तरफ रवाना हुए। दूसरी तरफ पीरा के इमामबाड़े की मेहंदी चौक बाजार, गूलर नाका होते हुए अलीगंज की तरफ रवाना हुई। दोनों ही जुलूसों में हजारों युवक और किशोर शामिल थे। जगह-जगह लड्डू, बर्तन, फल आदि लुटाए गए। जुलूसों में पूरे समय पुलिस बल तैनात रहा। जल संस्थान ने पानी के टैंकरों की व्यवस्था की।
इसके पूर्व सातवीं मोहर्रम पर सुबह अलम के जगह-जगह से जुलूस उठे। शाम को यह जामा मस्जिद रोड पर इकट्ठा हुए। जिला पंचायत चौराहा से अमर टाकीज तिराहा तक भारी हुजूम उमड़ा। यहां कई लोगों ने लंगर किए। शहर में भी कई स्थानों पर लंगर किए गए। मर्दननाका, निम्नीपार, खुटला, अलीगंज, गूलरनाका, क्योटरा, छावनी, आजाद नगर, बंगालीपुरा आदि मोहल्लों से अलम और नाल व पंजे की सवारियां ढोल-ताशों के बीच अलग-अलग जत्थों में दोपहर बाद निकल पड़े। उधर, पूर्वी कोठी से शुरू हुआ शिया मुस्लिमों का मातमी जुलूस आकर्षण का केंद्र रहा।
काले लिबास में बच्चे, बूढ़े, जवान अलमों के साथ सीनाजनी और मातम के बीच नोहा व मरसिया पढ़ते हुए अलीगंज स्थित इमामबाड़े के लिए रवाना हुए। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र सिंह कई चौकी इंचार्जों के साथ जुलूस के साथ रहे। जामा मस्जिद के सामने सपाइयों ने कैंप लगाकर लड्डू का लंगर किया। अधिवक्ता एजाज खां सहित शोभाराम कश्यप, अमित सेठ भोलू, अनुज सोनी, अतीक रहमानी, सूबेदार सिंह, धनेश सोनी, अशोक गुप्ता, सचिन साहू, आरिफ खां, अबरार आदि शामिल रहे। उधर, कांग्रेस नेता मुमताज अली ने भी पंडाल लगाकर लंगर किया। जुलूस और मेला में सपा जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम सांप्रदायिक सौहार्द और हिंदु-मुस्लिम एकता की विरासत बरकरार रखते हुए संपन्न हुए। नाल-पंजों के जुलूस इमामबाड़ों में खत्म हुए।