बांदा। विदेशी संस्कृति पर आधारित धमाल और केक काटकर बर्थडे मनाने वाले बच्चों को नौ वर्षीय बालक ने नई प्रेरणा दी है। हरियाली से वंचित बुंदेलखंड को हरा-भरा बनाने की राह दिखाते हुए अपने नौवें जन्म दिन पर नौ पौधे रोपे। पिछली बार अपनी किताबें गरीब बच्चों को देकर जन्मदिन मनाया था।
स्टेशन रोड निवासी मुकुल गुप्त को आर्यव का रविवार (1 मई) को जन्म दिन था। आर्यव ने केक काटने जैसी रस्मों से परहेज करते हुए सुबह शहर के अवस्थी पार्क में जाकर नौ पौधे लगाए। आर्यव के पिता मुकुल गुप्ता और मां निशा गुप्ता तथा बहन-भाइयों सहित योग गुरु प्रकाश साहू, अरुण निगम, जगमोहन, नजरे आलम इत्यादि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। आर्यव सेंटमेरी सीनियर सेकेंड्री स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता है। पिता कंप्यूटर इंजीनियर हैं। मां डांस क्लास चलाती हैं।