Kalinjar fort tank stalled for five months
- फोटो : BANDA
कालिंजर। ऐतिहासिक कालिंजर दुर्ग में पर्यटकों को पीने के पानी के लाले हैं। लाखों की लागत से बना जल संस्थान का ओवर हेड टैंक (टंकी) पांच माह से ठप है। दुर्ग के गेस्ट हाउस में तैनात कर्मचारी दानी लाल सोनी ने बताया कि पांच माह से नलों में एक बूंद पानी नहीं आया। तालाब के पानी से काम चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी को जानकारी दी जा चुकी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। कालिंजर विकास समिति दिनेश मिश्रा, अतुल, भाजपा नेता नीलांशु त्रिवेदी, कोमल कुशवाहा, शीलू राज, महफूज अली, अतुल द्विवेदी ने जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में दुर्ग की पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग की है।(संवाद)
लिपिक पर अभद्रता का आरोप
अतर्रा। तहसील क्षेत्र के ऐंचवारा गांव निवासी ठेकेदार रामशरण गुप्ता ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि 23 दिसंबर को वह टेंडर की जानकारी लेने के लिए नगर पालिका गया तो लिपिक ने उसके साथ अभद्रता की और भगा दिया। आरोप लगाया कि 50 कामों के पांच करोड़ के डीएम ने निरस्त कर दिए थे। दोबारा में यह टेंडर गोपनीय तरीके से दिए गए। उधर, ईओ राम सिंह ने आरोपों को निराधार बताया है।
काली मंदिर में पंच कुंडीय महायज्ञ
खप्टिहा कलां। पैलानी तहसील के पिपरहरी गांव में स्थित काली माई मंदिर में छठा पंच कुंडीय शतचंडी महायज्ञ व शिव पुराण की कथा सहित रासलीला मंचन चल रहा है। जिसमें रेहुंटा, अमलोर, निवाइच, अतरहट, पपरेंदा, खप्टिहा कलां के सैकड़ों लोग प्रतिभाग कर रहे है। वृंदावन के संत स्वामी शिव स्वरूप महाराज व यज्ञ आचार्य दिनेश द्विवेदी ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजक अयोध्या प्रसाद ने बताया कि पूर्णाहुति व भंडारा 28 दिसंबर को होगा। प्रधान संघ के ब्लाक अध्यक्ष तिंदवारी सुरेंद्र सिंह, बबलू द्विवेदी सहयोग में लगे हुए हैं। (संवाद)