- बेटे की शादी के लिए बनवाकर रखे थे जेवर
संवाद न्यूज एजेंसी
अतर्रा। बहनोई के यहां निमंत्रण करने गए मजदूर के घर में पीछे के रास्ते से चोर घुस आए और जेवर व नकदी लेकर चले गए। घर लाैटने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है।
थानाक्षेत्र के गांव राजाराम चौरिहा पुरवा निवासी राम सुहावन ने बताया कि बीते एक जुलाई को वह चित्रकूट निवासी अपने बहनोई विजय कुमार के यहां परिवार के साथ निमंत्रण में शामिल होने गए थे। निमंत्रण के बाद वह वहीं रुक गए थे। मंगलवार को घर लौटे तो मकान के अंदर कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। इस पर उन्होंने घर की तलाशी ली। इस दौरान जेवर व नकदी सब गायब मिला। बताया कि चोर करीब दो लाख के जेवर व दस हजार नकद ले गए।
पीड़ित ने बताया कि उनके बड़े पुत्र सुनील का जनवरी माह में विवाह होना है, जिसके लिए वह जेवर बनवाकर रख रहे थे। थानाप्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर माल बरामदगी की जाएगी।