-जसपुरा थाना इंस्पेक्टर बोले, प्रकरण की जानकारी, जांच की जा रही
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। प्रधान के कहने पर तालाब खोदाई का कार्य कराकर जा रहे युवक को आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने रास्ते में रोककर अपने दो साथियों के साथ मारपीट की। उसकी सोने की चेन छीन ली। पैंट की जेब में पड़े 10,500 रुपये छीन लिए। पीड़ित युवक ने जसपुरा थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जसपुरा थाना क्षेत्र के कुम्हरिया डेरा निवासी यशवंत ने बताया कि वह 20 जनवरी की रात करीब नौ बजे प्रधान के कहने पर तालाब की खोदाई करने के लिए जेसीबी लेकर गया था। वहां से लौटने पर रोड किनारे एक टूटा हुआ बिजली का खंभा पड़ा देख उसे रास्ते से हटा दिया था। तभी गांव के एक हिस्ट्रीशीटर जेसीबी के सामने आकर खड़ा हो गया। गाड़ी खड़ी करा ली। गाली गलौज की। इस बीच गांव के दो लोग भी आ गए, उनके साथ दो अज्ञात लोग भी थे। उन्होंने यशंवत को बुरी तरह से मारा पीटा, उसकी चेन और पैंट की जेब में पड़े 10,500 रुपये भी छीन लिए। यशंवत ने जसपुरा थाने में तहरीर दी है। जसपुरा थाना इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि प्रकरण की जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है।