- बेसिक शिक्षा विभाग के टोल फ्री नंबर 18001805311 पर मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण करने वाले नौनिहालों के स्वास्थ्य के प्रति अब विभाग सजग हो गया है। विभाग ने बच्चों के कैरियर और मानसिक समस्याओं के निदान के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। यह टोल फ्री नंबर ब्लाक संसाधन केंद्र व स्कूलों की दीवार पर लिखवाया जाएगा। इस पर काॅल कर बच्चे व अभिभावक समस्या बताकर उससे मुक्ति का टिप्स ले सकेंगे।
महानिदेशक मोनिका ने प्रदेश के सभी बीएसए को जारी पत्र में टोल फ्री नंबर 18001805311 का प्रचार-प्रसार कराने का आदेश जारी किया है। जिसके तहत जिले के 1725 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत एक लाख 83 हजार 862 बच्चे इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
बच्चे मानसिक व कॅरिअर संबंधी समस्याओं से इस टोल फ्री नंबर के जरिए निजात पा सकेंगे। यह टोल फ्री नंबर काउंसलर या परामर्शदाता से जुड़ा होगा। जो विद्यार्थियों को उनकी समस्याओं को समझने व समाधान खोजने में मदद करेंगे।
विभाग टोल फ्री नंबर लिखन के साथ ही इसका प्रचार-प्रसार भी करेगा। इसके अलावा नंबर की जानकारी अभिभावकों को भी दी जाएगी। इसके अलावा विद्यालयों में होने वाली प्रार्थना सभा में भी इसके बारे में बताया जाएगा। टाेल फ्री नंबर की सुविधा बच्चों के लिए बड़ी राहत की बात होगी। टोल फ्री नंबर की खास बात यह है कि इस पर बच्चे किसी भी समय फोन कर अपनी समस्या का समाझान पा सकेंगे।
वर्जन
परिषदीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले बच्चों की सुविधा के लिए विभाग संजीदा है। इस टोल फ्री नंबर से मानसिक समस्या से मुक्ति व कैरियर से जुड़े परामर्श ले सकते हैं। इसका लाभ जूनियर कक्षा के बच्चों को अधिक मिलेगा। इसका व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जाएगा।-अव्यक्त राम तिवारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी