फोटो- 03 शहर का जिला परिषद चौराहा। संवाद
फोटो- 04 शहर का रेलवे स्टेशन तिराहा। संवाद
फोटो- 05 शहर का बाकरगंज चौराहा। संवाद
- सेफ सिटी परियोजना के तहत प्रस्ताव, पुलिस विभाग ने मंडल मुख्यालय के प्रमुख स्थान किए चिह्नित
- सीसीटीवी कैमरे लगने से आपराधिक घटनाओं पर लगेगी लगाम, त्वरित खुलासे में मिलेगी मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय में सेफ सिटी परियोजना के तहत अब शहर के 16 रिस्की प्वाइंटों (संवेदनशील स्थानों) पर पुलिस विभाग ने सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने का प्रस्ताव बनाया है। मंडल मुख्यालय के इन 16 स्थानों में चोरी, लूट, छिनैती और टप्पेबाजी या अन्य आपराधिक
जैसी वारदातें अब पुलिस की नजर से छिप नहीं सकेंगी। इसके लिए पुलिस विभाग ने जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा है। इन प्वाइंटों में जल्द ही सीसीटीवी लगवाने का काम शुरू होगा।
मंडल मुख्यालय बांदा शहर में संदिग्धों पर निगरानी को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। पिछले दिनों चोरी, छिनैती और टप्पेबाजी जैसी वारदातों को अंकुश लगाने के लिए पुलिस विभाग ने 16 प्वाइंट चिह्नित किए हैं। इन सभी प्वाइंटों को रिस्की माना गया है। शहर की प्रमुख बाजार के इलाके, प्रमुख चौराहे इसमें शामिल किए गए हैं।
पुलिस विभाग के अनुसार शहर के महाराणा प्रताप चौक, कनवारा चौराहा, मवई चौराहा, अतर्रा चुंगी तिराहा, खाईंपार चौकी चौराहा, महेश्वरी देवी मंदिर चौराहा, क्योटरा चौराहा, कचेहरी चौराहा, खुटला चौराहा, मेडिकल कॉलेज बाईपास तिराहा, अशोक लाट तिराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, बाकरगंज चौराहा, पदमाकर चौराहा, गणेश चौराहा, जरैली कोठी तिराहा शामिल किए गए हैं। शहर के अतिव्यस्तम इन इलाकों में पिछले दिनों मारपीट से लेकर चोरी, छिनैती और टप्पेबाजी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। माना जा रहा है कि इन स्थानों पर सीसीटीवी लगने से अपराधिक घटनाएं पुलिस से नहीं छिप पाएंगी। इनके खुलासे में आसानी होगी।
वर्जन
सेफ सिटी परियोजना में शहर के 16 स्थान चिह्नित किए गए हैं। जिनमें सीसीटीवी लगवाने का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा गया है। जल्द ही इसमें अमल होने से अपराधी पुलिस की नजर से छिप नहीं पाएंगे। पुलिस को घटनाओं के खुलासे में मदद मिलेगी। -पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक, बांदा।
बाबूलाल चौराहा में बनेगा इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, प्रत्येक चौराहे में लगेंगे दो कैमरे
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि मंडल मुख्यालय बांदा के जिन 16 प्वाइंटों पर सीसीटीवी लगाए जाएंगे उनका एक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इस कंट्रोल रूम का संचालन यातायात पुलिस करेगी। इसके लिए उन्होंने बाबूलाल चौराहा में बनी यातायात पुलिस चौकी को चिह्नित किया है। यहां से ही सभी कैमरों की मॉनिटरिंग की जाएगी। प्रत्येक प्वाइंट पर कम से कम दो-दो कैमरा लगवाने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि जिलाधिकारी जे.रीभा ने शहर की सुरक्षा के मद्देनजर उनसे स्थानों का प्रस्ताव मांगा था। जिस पर यह प्रस्ताव भेजा गया है।
पिछले कुछ महीनों में शहर में हुईं प्रमुख वारदातें
12 जुलाई : शहर अतर्रा चु्ंगी तिराहे के पास स्थित आमबाग चुंगी चौकी निवासी रामदेव के मकान से चोरी।
22 अगस्त : शहर के डीएम कालोनी मार्ग पर ई रिक्शा से जा रहीं महिला कर्मी के साथ पुलिस का आईकार्ड दिखाकर जेवर टप्पेबाजी की घटना।
सात सितंबर : शहर के बलखंडी नाका मोहल्ला निवासी रिटायर्ड शिक्षक के घर से लाखों की चोरी।
(नोट- तीनों घटनाओं में पुलिस खुलासा करते हुए ईरानी गैंग के दो सदस्यों को मुठभेड़ में व चोरी की घटना में जीजा-साले को गिरफ्तार किया था)