नगर में सड़कों के किनारे हुए अतिक्रमण पर शनिवार को पालिका और प्रशासन का ‘पीला पंजा’ चला। फुटपाथों पर सब्जी व फल की दुकान करने वाले गरीब अधिकारियों की मिन्नतें करते रहे, पर कोई असर नहीं पड़ा। उधर, बसपा नेता ने अतिक्रमण की आड़ में राजनीतिक खुन्नस निकाले जाने का आरोप लगाया है।
उप जिलाधिकारी आरके श्रीवास्तव व सीओ राजेश सिंह की अगुवाई में थानाध्यक्ष ने भारी पुलिस फोर्स के साथ जेसीबी से नरैनी रोड में अतिक्रमण हटाना शुरू किया। एसडीएम ने सप्ताह भर पहले व्यापारियों के साथ बैठक कर खुद अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी।
लेकिन उसका कोई असर नहीं हुआ। शनिवार को जेसीबी मशीन से अतिक्रमण ढहाया गया। नरैनी रोड कृषि फार्म हाउस से गांधी चौक तक अतिक्रमण अभियान चला। नाले के बाहर लगे टीन-टप्पर व दीवारें, पक्के चबूतरे आदि तोड़ दिए गए।
इस बीच दुकानदारों ने अधिकारियों से मोहलत मांगते हुए मिन्नतें भी कीं, पर कोई असर नहीं पड़ा। कई गुमटियां भी टूटी, जिसमें दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ा। उधर, बसपा नेता और पूर्व डीडीसी महेंद्र पाल वर्मा राजू ने कहा कि सत्तारूढ़ दल की कठपुतली बनकर प्रशासन और पुलिस अफसरों ने गरीबों को उजाड़ा।
साथ ही राजनीतिक खुन्नस के चलते उनका बोर्ड भी उखाड़ दिया। जबकि भारी-भरकम और सड़कों पर अवरोध पैदा कर रहे अतिक्रमण बरकरार हैं। यह सपाइयों के इशारे पर हुआ। अतिक्रमण हटाने के दौरान बदौसा थानाध्यक्ष राजीव यादव, फतेहगंज थानाध्यक्ष पीपी शुक्ला अपने-अपने थानों के पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।