मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह। संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। मंडलायुक्त दिनेश कुमार सिंह ने घर और दुकान के बाहर गंदगी फैलाने वालों को चेताया है। किसी के प्रतिष्ठान के सामने गंदगी मिलने पर गृह स्वामी व दुकानदार ही जिम्मेदार माना जाएगा। उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। आदत न सुधारने वालों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने कहा कि गंदगी फैलाने वालों का वीडियो बनाकर उनके व्हाट्सएप (9454417497) पर भेजा जा सकता है। जांच के बाद उनके विरुद्ध जुर्माना कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को अपने कार्यालय में मीडिया से बातचीत में आयुक्त ने कहा कि शहर को इंदौर की तर्ज पर साफ-सुथरा बनाने की मुहिम 20 दिसंबर से शुरू की गई है। अब तक गंदगी फैलाने वाले 250 लोगों पर जुर्माना किया गया है। इनमें से 100 लोगों ने जुर्माना अभी नहीं दिया है। इनको नोटिस दी जा रही है। अदालत में जुर्माना जमा कराया जाएगा। आयुक्त ने ई-रिक्शा आदि से बीच सड़क पर सवारी उतारने और चढ़ाने पर भी रोक लगाने की बात कही। कहा कि सड़क किनारे फुटपाथ पर वाहन रोककर सवारी बैठाएं और चढ़ाएं। प्रेस वार्ता में उप निदेशक सूचना भूपेंद्र सिंह यादव आदि मौजूद रहे।