अतर्रा (बांदा)। प्रेमिका से मिलने गए युवक को प्रेमिका के घर वालों ने पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इससे आहत युवक उसने ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के बिसंडा रोड पर रेलवे लाइन गेट नंबर 476 में 40 वर्षीय युवक का मालगाड़ी से कटा शव मिला। मौके पर पहुंचे छोटे भाई देहात कोतवाली क्षेत्र के लामा गांव निवासी रामू शुक्ला ने शिनाख्त बड़े भाई श्रीराम के रूप में की। रामू ने बताया कि श्रीराम दिल्ली में काम करता था। एक माह पहले गांव आया था।
बुधवार को श्रीराम की सास का निधन हो गया था। वह पत्नी सुमन को छोड़ने हमीरपुर जिले के खंडेह गांव गया था। इसके बाद अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के बल्लान गांव पहुंच गया था। गुरुवार को सुबह श्रीराम ने एक पड़ोसी का फोन नंबर लेकर मां को बताया कि उसे मारा पीटा गया है। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो उसका शव रेल पटरी में कटा पड़ा था।
आरोप लगाया कि बल्लान गांव की रहने वाली रिश्तेदारी में एक युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती ने ही श्रीराम को घर बुलाया था। वहां उसके परिजनों ने मारा पीटा है। पिटाई से आहत होकर उसने खुदकुशी की है। उधर, कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेन से कटकर जान देने का मामला है। मामला जीआरपी का है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन अगर कोतवाली में तहरीर देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रेन निकलने के दो घंटे तक शव पटरी पर पड़ा रहा
ट्रेन निकल जाने के बाद लगभग दो घंटे तक शव पटरियों के बीच पड़ा रहा। चंद कदम पर स्थित रेलवे स्टेशन परिसर में बनी जीआरपी चौकी से पुलिस घटनास्थल पर समय से नहीं पहुंच सकी। स्थानीय थाना पुलिस भी मौके से नदारद रही। घटना के बाद कुछ मिनट तक मालगाड़ी खड़ी रही। रेलवे लाइन के पॉइंट्समैन सहित अन्य रेलवे कर्मचारियों ने शव के ऊपर कपड़ा डाल दिया। करीब दो घंटे देरी से पहुंची जीआरपी पुलिस ने पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।